240. ======== =रामचरितमानस-शिक्षाएं [ हिन्दी ]=======

 

इस संसार में अपने सुख, वैभव, व उन्नति के उपायों के लिए हर प्राणी इधर-उधर भटकता रहता है ।  शायद ही कोई होगा जिसने गौर किया हो कि हमारे हिन्दू धर्म के दो ऐसे ग्रंथ हैं जिनमें कहे हुए उपदेशों-संदेशों को मान कर जीवन को सुखी किया जा सकता है । जरूरत है बस  उन्हें मानने  की। ऐसे ही  गहन अर्थ वाले संदेशों को श्री राम चरित में से  हमने निकाले हैं । मानने के लिए तो स्वयं  भगवान भी बाध्य नहीं  करते । गीता के 18वें अध्याय में श्री कृष्ण ने अर्जुन से कहा-

                                      इति ते ज्ञानमाख्यातं गुह्याद्गुह्यतरं मया |

                   विमृश्यैतदशेषेण यथेच्छसि तथा कुरु ||
अर्थात हे अर्जुन! इस प्रकार से मैंने तुम्हें यह ज्ञान समझाया, जो सभी गुह्यों से गुह्यतर है। इस पर गहनता के साथ विचार करो और फिर तुम जैसा चाहो वैसा करो।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------
 1. * बंदउँ नाम राम रघुबर को। हेतु कृसानु भानु हिमकर को॥  
बिधि हरि हरमय बेद प्रान सो। अगुन अनूपम गुन निधान सो॥1॥
भावार्थ:-मैं श्री रघुनाथजी के नाम 'राम' की वंदना करता हूँ, जो कृशानु (अग्नि), भानु (सूर्य) और हिमकर (चन्द्रमा) का हेतु अर्थात्‌ 'र' 'आ' और 'म' रूप से बीज है। वह 'राम' नाम ब्रह्मा, विष्णु और शिवरूप है। वह वेदों का प्राण है, निर्गुण, उपमारहित और गुणों का भंडार है॥
-----------------------------------------------------------------------------------------------
*महामंत्र जोइ जपत महेसू। कासीं मुकुति हेतु उपदेसू॥
महिमा जासु जान गनराऊ। प्रथम पूजिअत नाम प्रभाऊ॥2॥
भावार्थ:-राम नाम एक महामंत्र है, जिसे महेश्वर श्री शिवजी जपते हैं और उनके द्वारा जिसका उपदेश काशी में मुक्ति का कारण है तथा जिसकी महिमा को गणेशजी जानते हैं, जो इस 'राम' नाम के प्रभाव से ही सबसे पहले पूजे जाते हैं॥
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
संदेश-1
* राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार।
तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर॥21॥
भावार्थ:-तुलसीदासजी कहते हैं, यदि तू भीतर और बाहर दोनों ओर उजाला चाहता है, तो मुख रूपी द्वार की जीभ रूपी देहली पर रामनाम रूपी मणि-दीपक को रख॥
-------------------------------------------------------------------------------------------------
2.
इहाँ संभु अस मन अनुमाना। दच्छसुता कहुँ नहिं कल्याना॥
मोरेहु कहें न संसय जाहीं। बिधि बिपरीत भलाई नाहीं॥3॥
भावार्थ:- इधर शिवजी ने मन में ऐसा अनुमान किया कि दक्षकन्या सती का कल्याण नहीं है। जब मेरे समझाने से भी संदेह दूर नहीं होता तब (मालूम होता है) विधाता ही उलटे हैं, अब सती का कुशल नहीं है | इन्हें अब और अधिक समझाने से कोई लाभ नहीं है । 
* होइहि सोइ जो राम रचि राखा। को करि तर्क बढ़ावै साखा॥
संदेश- जो व्यक्ति बार-बार समझाने पर भी नहीं समझता, तो समझ लेना चाहिए कि विधाता उसके विपरीत है। अब वही होगा जो विधाता ने उसके लिए सोचकर रखा है ।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
शिक्षाएं--बालकाण्ड-प्र्थम सोपान
* जदपि मित्र प्रभु पितु गुर गेहा। जाइअ बिनु बोलेह न सँदेहा॥
तदपि बिरोध मान जहँ कोई। तहाँ गएँ कल्यानु न होई॥-भगवान शिव
भावार्थ:-यद्यपि इसमें संदेह नहीं कि मित्र, स्वामी, पिता और गुरु के घर बिना बुलाए भी जाना चाहिए तो भी जहाँ कोई विरोध मानता हो, उसके घर जाने से कल्याण नहीं होता॥
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
 मातु पिता गुर प्रभु कै बानी। बिनहिं बिचार करिअ सुभ जानी॥
-भगवान शिव
भावार्थ:-माता, पिता, गुरु और स्वामी की बात को बिना ही विचारे शुभ समझकर करना (मानना) चाहिए। 
--------------------------------------------------------------------------------------------------------
* पारबती पहिं जाइ तुम्ह प्रेम परिच्छा लेहु।
गिरिहि प्रेरि पठएहु भवन दूरि करेहु संदेहु॥77॥-भगवान शिव
भावार्थ:- भगवान शिव ने सप्तऋषियों से कहा कि इससे पहले कि मैं विवाह बन्धन में बंधूं,
आप लोग विवाह से पहले पार्वती के पास जाकर उनके प्रेम की परीक्षा लीजिए और हिमाचल को कहकर (उन्हें पार्वती को लिवा लाने के लिए भेजिए तथा) पार्वती को घर भिजवाइए और उनके संदेह को दूर कीजिए॥ 
संदेश- भगवान शिव संसार को संदेश देना चाहते थे कि
वर-वधू अच्छी तरह ही परख कर विवाह बन्धन में बंधें । 
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
गुर कें बचन प्रतीति न जेही। सपनेहुँ सुगम न सुख सिधि तेही--पार्वती जी
अर्थ-जिसको गुरु के वचनों में विश्वास नहीं है, उसे सुख और सिद्धि स्वप्न में भी सुगम नहीं होती॥
-----------------------------------------------------------------------------------------------------
*तदपि करब मैं काजु तुम्हारा। श्रुति कह परम धरम उपकारा॥
पर हित लागि तजइ जो देही। संतत संत प्रसंसहिं तेही॥1॥-कामदेव
भावार्थ:-तथापि मैं तुम्हारा काम तो करूँगा, क्योंकि वेद दूसरे के उपकार को परम धर्म कहते हैं। जो दूसरे के हित के लिए अपना शरीर त्याग देता है, संत सदा उसकी बड़ाई करते हैं॥
संदेश- परोपकार सबसे उत्तम धन है ।
-------------------------------------------------------------------------------------------------
* कुपथ माग रुज ब्याकुल रोगी। बैद न देइ सुनहु मुनि जोगी॥
एहि बिधि हित तुम्हार मैं ठयऊ। कहि अस अंतरहित प्रभु भयऊ॥1॥
भावार्थ:-विष्णु भगवान ने नारद से कहा- हे योगी मुनि! सुनिए, रोग से व्याकुल रोगी कुपथ्य माँगे तो वैद्य उसे नहीं देता। इसी प्रकार मैंने भी तुम्हारा हित करने की ठान ली है। ऐसा कहकर भगवान अन्तर्धान हो गए । 
संदेश- ईश्वर भक्तों की वह इच्छा पूरी नहीं करते  जिसमें उनकी भलाई  न हो । इसलिए कभी भी काम न बनने पर दु:खी नहीं होना चाहिए । न  ही अनुष्ठान करके जबरदस्ती कुछ मांगना चाहिए क्योंकि आप जानते ही नहीं कि जो आप मांग रहे हैं, वो सुखदायक है या दु:खदायक ।
------------------------------------------------------------------------------------------------
* तुलसी जसि भवतब्यता तैसी मिलइ सहाइ।
आपुनु आवइ ताहि पहिं ताहि तहाँ लै जाइ॥159(ख)॥
भावार्थ:-  तुलसीदासजी कहते हैं- जैसी भवितव्यता (होनहार) होती है, वैसी ही सहायता मिल जाती है। या तो वह आप ही उसके पास आती है या उसे वहाँ ले जाती है॥
----------------------------------------------------------------------------------------------
* भरद्वाज सुनु जाहि जब होई बिधाता बाम।
धूरि मेरुसम जनक जम ताहि ब्यालसम दाम॥175॥
भावार्थ:- (याज्ञवल्क्यजी कहते हैं-) हे भरद्वाज! सुनो, विधाता जब जिसके विपरीत होते हैं, तब उसके लिए धूल सुमेरु पर्वत के समान (भारी और कुचल डालने वाली), पिता यम के समान (कालरूप) और रस्सी साँप के समान (काट खाने वाली) हो जाती है॥
--------------------------------------------------------------------
अयोध्याकाण्ड- द्वितीय सोपान
* काने खोरे कूबरे कुटिल कुचाली जानि।
तिय बिसेषि पुनिचेरि कहि भरतमातु मुसुकानि॥ कैकयी ने मन्थरा से कहा
भावार्थ:- कानों, लंगड़ों और कुबड़ों को कुटिल और कुचाली जानना चाहिए। उनमें भी स्त्री और खासकर दासी ! इतना कहकर भरतजी की माता कैकेयी मुस्कुरा दीं॥
संदेश- कान भरने वाले, विशेषकर अपंग लोगों से सावधान रहना चाहिए । अन्यथा घर बर्बाद होने में देर नहीं लगती ।
---------------------------------------------------------------------------------------------------
* सुनु जननी सोइ सुतु बड़भागी। जो पितु मातु बचन अनुरागी॥
तनय मातु पितु तोषनिहारा। दुर्लभ जननि सकल संसारा॥ श्रीराम ने कैकयी से कहा
भावार्थ:-हे माता! सुनो, वही पुत्र बड़भागी है, जो पिता-माता के वचनों का अनुरागी (पालन करने वाला) है। (आज्ञा पालन द्वारा) माता-पिता को संतुष्ट करने वाला पुत्र, हे जननी! सारे संसार में दुर्लभ है॥
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
धन्य जनमु जगतीतल तासू। पितहि प्रमोदु चरित सुनि जासू॥
चारि पदारथ करतल ताकें। प्रिय पितु मातु प्रान सम जाकें॥1॥
भावार्थ:-(उन्होंने फिर कहा-) इस पृथ्वीतल पर उसका जन्म धन्य है, जिसके चरित्र सुनकर पिता को परम आनंद हो, जिसको माता-पिता प्राणों के समान प्रिय हैं, चारों पदार्थ (अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष) उसके करतलगत (मुट्ठी में) रहते हैं॥
----------------------------------------------------------------------------------------------------
* सहज सुहृद गुर स्वामि सिख जो न करइ सिर मानि।
सो पछिताइ अघाइ उर अवसि होइ हित हानि॥ श्री राम ने सीता जी से कहा
भावार्थ:-स्वाभाविक ही हित चाहने वाले गुरु और स्वामी की सीख को जो सिर चढ़ाकर नहीं मानता, वह हृदय में भरपेट पछताता है और उसके हित की हानि अवश्य होती है॥
----------------------------------------------------------------------------------------
* धरमु न दूसर सत्य समाना। आगम निगम पुरान बखाना॥
मैं सोइ धरमु सुलभ करि पावा। तजें तिहूँ पुर अपजसु छावा॥श्री राम ने सुमन्त्र से कहा
भावार्थ:-वेद, शास्त्र और पुराणों में कहा गया है कि सत्य के समान दूसरा धर्म नहीं है। मैंने उस धर्म को सहज ही पा लिया है। इस (सत्य रूपी धर्म) का त्याग करने से तीनों लोकों में अपयश छा जाएगा॥
संदेश- "दिये हुए वचन का पालन करना" उस सत्य के समान है जो कीर्ति और यश को बढाता है ।
-----------------------------------------------------------------------------------------
* जनम मरन सब दुख सुख भोगा। हानि लाभु प्रिय मिलन बियोगा॥
काल करम बस होहिं गोसाईं। बरबस राति दिवस की नाईं॥ सुमन्त्र ने दशरथ से कहा
भावार्थ:-जन्म-मरण, सुख-दुःख के भोग, हानि-लाभ, प्यारों का मिलना-बिछुड़ना, ये सब हे स्वामी! काल और कर्म के अधीन रात और दिन की तरह बरबस होते रहते हैं॥  हे राजन-* सुख हरषहिं जड़ दुख बिलखाहीं। दोउ सम धीर धरहिं मन माहीं॥
धीरज धरहु बिबेकु बिचारी। छाड़िअ सोच सकल हितकारी॥4॥
भावार्थ:-मूर्ख लोग सुख में हर्षित होते और दुःख में रोते हैं, पर धीर पुरुष अपने मन में दोनों को समान समझते हैं। हे सबके हितकारी (रक्षक)! आप विवेक विचारकर धीरज धरिए और शोक का परित्याग कीजिए॥
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
* सुनहु भरत भावी प्रबल बिलखि कहेउ मुनिनाथ।
हानि लाभु जीवनु मरनु जसु अपजसु बिधि हाथ॥वशिष्ठजी ने भरत से कहा
भावार्थ:-मुनिनाथ ने बिलखकर (दुःखी होकर) कहा- हे भरत! सुनो, भावी (होनहार) बड़ी बलवान है। हानि-लाभ, जीवन-मरण और यश-अपयश, ये सब विधाता के हाथ हैं॥
संदेश- जो कुछ घटित होता  है उसे नियति समझकर सहन कर लेना चाहिए ।
---------------------------------------------------------------------------------------------------
* अनुचित उचित बिचारु तजि ते पालहिं पितु बैन।
ते भाजन सुख सुजस के बसहिं अमरपति ऐन॥वशिष्ठजी ने भरत से कहा
भावार्थ:-जो अनुचित और उचित का विचार छोड़कर पिता के वचनों का पालन करते हैं, वे (यहाँ) सुख और सुयश के पात्र होकर अंत में इन्द्रपुरी (स्वर्ग) में निवास करते हैं॥
-----------------------------------------------------------------------------------------------------
* बूढ़ु एकु कह सगुन बिचारी। भरतहि मिलिअ न होइहि रारी॥
रामहि भरतु मनावन जाहीं। सगुन कहइ अस बिग्रहु नाहीं॥
* सुनि गुह कहइ नीक कह बूढ़ा। सहसा करि पछिताहिं बिमूढ़ा॥
भरत सुभाउ सीलु बिनु बूझें। बड़ि हित हानि जानि बिनु जूझें॥
भावार्थ:-एक बूढ़े ने शकुन विचारकर कहा- भरत से मिल लीजिए, उनसे लड़ाई नहीं होगी। भरत श्री रामचन्द्रजी को मनाने जा रहे हैं। शकुन ऐसा कह रहा है कि विरोध नहीं है॥यह सुनकर निषादराज गुहने कहा- बूढ़ा ठीक कह रहा है। जल्दी में (बिना विचारे) कोई काम करके मूर्ख लोग पछताते हैं। भरतजी का शील स्वभाव बिना समझे और बिना जाने युद्ध करने में हित की बहुत बड़ी हानि है ।
-------------------------------------------------------------------------------------------------  
 बचन सुनत सुरगुरु मुसुकाने। सहसनयन बिनु लोचन जाने॥
मायापति सेवक सन माया। करइ त उलटि परइ सुरराया॥1॥
भावार्थ:-इंद्र के वचन सुनते ही देवगुरु बृहस्पतिजी मुस्कुराए। उन्होंने हजार नेत्रों वाले इंद्र को (ज्ञान रूपी) नेत्रोंरहित (मूर्ख) समझा और कहा- हे देवराज! माया के स्वामी श्री रामचंद्रजी के सेवक के साथ कोई माया करता है तो वह उलटकर अपने ही ऊपर आ पड़ती है॥1
--------------------------------------------------------------------------------------------------
* जो अपराधु भगत कर करई। राम रोष पावक सो जरई॥
लोकहुँ बेद बिदित इतिहासा। यह महिमा जानहिं दुरबासा॥- 
देव गुरु बृहस्पति ने इंद्र से कहा
भावार्थ:- जो कोई उनके भक्त का अपराध करता है, वह श्री राम की क्रोधाग्नि में जल जाता है। लोक और वेद दोनों में इतिहास (कथा) प्रसिद्ध है। इस महिमा को दुर्वासाजी जानते हैं॥
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
करम प्रधान बिस्व करि राखा। जो जस करइ सो तस फलु चाखा॥-देव गुरु बृहस्पति ने इंद्र से कहा
श्री राम ने विश्व में कर्म को ही प्रधान कर रखा है। जो जैसा करता है, वह वैसा ही फल भोगता है॥
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
* अनुचित उचित काजु किछु होऊ। समुझि करिअ भल कह सबु कोऊ।
सहसा करि पाछे पछिताहीं। कहहिं बेद बुध ते बुध नाहीं॥ 
लक्ष्मण के भरत पर शक करने पर आकाशवाणी हुई
भावार्थ:- परन्तु कोई भी काम हो, उसे अनुचित-उचित खूब समझ-बूझकर किया जाए तो सब कोई अच्छा कहते हैं। वेद और विद्वान कहते हैं कि जो बिना विचारे जल्दी में किसी काम को करके पीछे पछताते हैं, वे बुद्धिमान्‌ नहीं हैं॥
-----------------------------------------------------------------------------------------------------
कसें कनकु मनि पारिखि पाएँ। पुरुष परिखिअहिं समयँ सुभाएँ॥
जैसे सोना कसौटी पर कसे जाने पर और रत्न पारखी (जौहरी) के मिलने पर ही पहचाना जाता है, वैसे ही पुरुष की परीक्षा समय पड़ने पर उसके स्वभाव से ही (उसका चरित्र देखकर) हो जाती है॥-कौशल्या जी
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
* गुर पितु मातु स्वामि सिख पालें। चलेहुँ कुमग पग परहिं न खालें॥
अस बिचारि सब सोच बिहाई। पालहु अवध अवधि भरि जाई॥-
श्री राम भरत से कहते हैं 
भावार्थ:-गुरु, पिता, माता और स्वामी की शिक्षा (आज्ञा) का पालन करने से कुमार्ग पर भी चलने पर पैर गड्ढे में नहीं पड़ता (पतन नहीं होता)। ऐसा विचार कर सब सोच छोड़कर अवध जाकर अवधिभर उसका पालन करो॥
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
* मुखिआ मुखु सो चाहिऐ खान पान कहुँ एक।
पालइ पोषइ सकल अँग तुलसी सहित बिबेक॥315॥
भावार्थ:-श्री रामजी ने भरत से कहा- कि राजधर्म का सर्वस्व (सार) भी इतना ही है कि
मुखिया मुख के समान होना चाहिए, जो खाने-पीने को तो एक (अकेला) है, परन्तु विवेकपूर्वक सब अंगों का पालन-पोषण करता है॥
संदेश- राजा को चाहिए कि वह पिता के समान अपनी प्रजा का पालन-पोषण करे । यही उसका
सर्वोपरि धर्म है ।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------
जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी। सो नृपु अवसि नरक अधिकारी॥श्री राम ने लक्ष्मण से कहा
जिसके राज्य में प्यारी प्रजा दुःखी रहती है, वह राजा अवश्य ही नरक का अधिकारी होता है॥
-----------------------------------------------------------------------------------------------------------
जय श्री राम- निरुपमा गर्ग















Comments

Popular posts from this blog

{0 5 ] QUIZ ON; LAL BAHADUR SHASTRI

101 श्री कृष्ण के प्रिय 28 नाम

{ 81} 9 नवरात्रि माता का भोग